मुरादाबाद , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत राजकीय खाद्य विज्ञान एवं प्रशिक्षण केंद्र में एक माह का कुकरी, पाककला एवं बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 23 फरवरी से 23 मार्च तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 प्रशिक्षार्थियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना रहा।
समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें उत्कृष्ट खाद्य पदार्थों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मेहदीरत्ता, डॉ. रोशनी राजपूत और विषय विशेषज्ञ श्रीमती मोनिका गुप्ता उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में केक बनाने के लिए वंशिका यादव को प्रथम, इडली-सांभर के लिए अनुराधा को द्वितीय और काजू कतली बनाने के लिए किशन लाल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
सहायक प्रभारी नेमपाल सिंह ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित