मुरादाबाद , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था के उपनिदेशक को बीज सत्यापन और टैग जारी करने के नाम पर किसान से रिश्वत मांगना महंगा पड़ गया। विजिलेंस (बरेली सेक्टर) की टीम ने शुक्रवार को मुरादाबाद स्थित कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विभागीय सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था के उपनिदेशक रूप सिंह पर एक किसान से बीज सत्यापन एवं टैग जारी करने की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। किसान द्वारा पूरी राशि देने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये तत्काल तथा शेष 60 हजार रुपये अगस्त के दूसरे सप्ताह में लेने पर सहमति जताई थी।
सूत्रों के अनुसार रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने विजिलेंस विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर विजिलेंस बरेली सेक्टर ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
योजना के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता 10 हजार रुपये लेकर विकास नगर स्थित प्रकाश नगर लाइन पार स्थित उपनिदेशक के कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की राशि अपने कब्जे में ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित