मुरादाबाद , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक्सिस बैंक की महिला कर्मचारी का शव किराए के मकान से मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रहने वाली प्रतिभा राणा (26) का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका मूल रूप से अमरोहा जनपद की निवासी थीं और मुरादाबाद में रहकर एक्सिस बैंक के लोन विभाग में कार्यरत थीं। बताया गया कि पड़ोस के कमरे में रहने वाली युवतियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस का कहना है कि युवती की मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित