मुरादाबाद , जनवरी 11 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबादके मूंढापांडे क्षेत्र में लापता एक्सपोर्ट फैक्ट्री कर्मचारी का शव रविवार को हाई-वे किनारे पड़ा मिला।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र अंतर्गत दलपतपुर के समीप युवक का शव फ्लाईओवर के नीचे पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस द्वारा शव को देखने पर प्रथमदृष्टया युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से गर्दन रेत कर किए जाने की आशंका जताई है। मृतक की पहचान सुमित उर्फ़ भूरा (35) निवासी गणेश घाट थाना मूंढापांडे के रूप में हुई है। मृतक काशीपुर (उत्तराखंड) रोड़ स्थित एक एक्सपोर्ट कंपनी में काम करता था।

मृतक की पत्नी शालिनी ने पुलिस को बताया कि सुमित शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे फैक्ट्री ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन उसके बाद से वह फिर घर वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह पुलिस द्वारा उसे पति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज़ कर पुलिस हत्या के मामले का खुलासा करने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हत्या के राज़ खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित