मुरादाबाद , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में ठाकुरद्वारा पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने तमंचे तथा शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र में रतुपुरा मोड़ से पहले एक खाली प्लॉट से गोविन्दा, निवासी ग्राम फरीदपुर थाना डिलारी, को गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन अवैध देशी तमंचे बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कस्बा ठाकुरद्वारा के मोहल्ला सूफियान मछली बाजार स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां से नाजिम और कासिम को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान वहां अवैध शस्त्र निर्माण की फैक्ट्री संचालित पाई गई।
पुलिस ने मौके से .315 बोर और 12 बोर के तमंचे, 20 अर्धनिर्मित नाल, 14 अधबनी बॉडी, ट्रिगर व हैमर के पार्ट्स सहित ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, आरी, हथौड़ा, प्लास, सन्डासी, छेनी और अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा लोहे की कटी पट्टियां तथा अन्य सामग्री भी मिली।
पूछताछ में नाजिम और कासिम ने बताया कि वे .315 और 12 बोर के अवैध तमंचे बनाकर आर्थिक लाभ के लिए बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस कार्य में उनका साथी इकबाल, निवासी फरीदपुर थाना डिलारी, तथा रोहित समय-समय पर सहयोग करते थे और तैयार तमंचों की सप्लाई करते थे।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना ठाकुरद्वारा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित