मुरादाबाद , मई 29 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के शाहजहांपुर एवं रोजा स्टेशन पर सुरक्षित रेल संचालन और पटरियों की मजबूती के लिए ट्रैक टैम्पिंग (मरम्मत) कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा 29 मई से 4 जून तक विभिन्न तिथियों में ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके कारण इस मार्ग से गुजरने वाली कुल नौ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार टैम्पिंग कार्य के तहत विशेष मशीनों से पटरियों के नीचे बिछी गिट्टी को व्यवस्थित और मजबूत किया जाता है, जिससे ट्रैक की स्थिरता बढ़ती है और रेल संचालन अधिक सुरक्षित व सुगम बनता है। रेलवे प्रशासन ने इसे नियमित रखरखाव का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 15074 टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस 29 मई को टनकपुर से 240 मिनट विलंब से रवाना होगी। गाड़ी संख्या 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस 31 मई एवं 3 जून को टनकपुर से 240 मिनट देरी से चलेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस तथा 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 28 मई, 30 मई और 2 जून को अपने प्रारंभिक स्टेशनों से 240 मिनट विलंब से संचालित होंगी। गाड़ी संख्या 13042 जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस 28 मई को, 15098 जम्मूतवी-भागलपुर एक्सप्रेस 2 जून को तथा 12588 जम्मूतवी-गोरखपुर एक्सप्रेस 30 मई को जम्मूतवी से 240 मिनट की देरी से रवाना की जाएंगी।
ब्लॉक के कारण दो यात्री ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त भी किया गया है। गाड़ी संख्या 55059 सीतापुर-शाहजहांपुर पैसेंजर 30 मई एवं 1 जून को शाहजहांपुर के बजाय रोजा स्टेशन तक ही संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 55060 शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर इन्हीं तिथियों में शाहजहांपुर के स्थान पर रोजा स्टेशन से ही रवाना होगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस के माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित