मुरादाबाद/अमरोहा , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में मंगलवार को मौसम के अचानक करवट ली। तेज़ रफ़्तार हवा तथा गरज-चमक के साथ बारिश व आसमान में काली घटा छा जाने से अंधेरा पसरने से जनजीवन प्रभावित हुआ।

मंडल के मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा तथा संभल के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह आसमान में घने काले बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरा पसर गया। तेज़ रफ़्तार हवाओं तथा गरज-चमक के साथ बारिश के दौरान थोड़ी देर के लिए आवागमन थम गया। पछुआ हवाओं के ट्रफ के रूप में सक्रिय होने और ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार के कारण गरज-चमक के साथ 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली जिससे लोग घरों में कैद हो कर रह गए।

मुरादाबाद में दिन निकलते ही शुरू हुई बारिश ने थमने का नाम नहीं लिया। गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा 12 मई को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी रहेगी, जिसके चलते बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रहने की आशंका जताई गई है।

तेज अंधड़ और बारिश के कारण सड़क यातायात पर भी व्यापक असर पड़ा है और दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, बारिश बंद होने तक जो जहां था वहीं रुक गया। हालांकि इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज़ अंधड़ ने आम बागानों और किसानों की चिंता बढ़ा दी।

प्रशासन ने आम जनता को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गरज-चमक के समय पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। पर्यटन स्थलों की ओर रुख करने वाले यात्रियों को भी मौसम की सटीक जानकारी लेकर ही सफर शुरू करने का परामर्श दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित