मुरादाबाद , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला प्रशासन की ओर से रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए फिल्म 'हनु-मान' की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। सिनेमाघर में भक्तिमय वातावरण के बीच पूरी प्रशासनिक टीम ने इस फिल्म का आनंद लिया। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को फिल्म की सराहना करते हुए इसे भारतीय मूल्यों और संस्कृति को दर्शाने वाली एक अत्यंत प्रेरणादायक प्रस्तुति बताया तथा आम जनता से भी सिनेमाघरों में जाकर इसे देखने का आह्वान किया।
तेलुगु भाषा में बनी और प्रशांत वर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म 'हनु-मान' भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक कथानक से जोड़ती है। के. निरंजन रेड्डी द्वारा निर्मित इस फिल्म में तेजा सज्जा, अमृता अय्यर, वरलक्ष्मी सरथकुमार, राज दीपक शेट्टी और विनय राय ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं, जबकि इसका संगीत गौरा हरि व अनुदीप देव ने तैयार किया है। जनवरी 2024 में अपनी रिलीज के बाद से ही यह फिल्म अपने निर्देशन, पटकथा, दृश्य प्रभावों और अभिनय के लिए दर्शकों तथा समीक्षकों की पहली पसंद बनी हुई है।
विशेष स्क्रीनिंग के पश्चात पत्रकारों से वार्ता के दौरान जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि फिल्म के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक और प्रभावशाली संदेश देने का सफल प्रयास किया गया है। उन्होंने मुरादाबाद की जनता से आह्वान किया कि इस फिल्म को केवल मनोरंजन के नजरिए से न देखें, बल्कि इसमें समाहित भारतीय संस्कारों, भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को समझकर अपनी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं और इसे अपने जीवन में आत्मसात करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित