मुरादाबाद , जून 24 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जिला अस्पताल परिसर स्थित पार्क में बुधवार सुबह दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त अनस (35), निवासी करुला पीर का बाजार, जयंतीपुर, थाना मझोला और दानिश (36) निवासी जामा मस्जिद क्षेत्र, थाना मुगलपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक लंबे समय से जिला अस्पताल के आसपास ही रहते थे और भीख मांगकर अपना गुजारा करते थे।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों व्यक्ति काफी समय से गंभीर रूप से बीमार थे और अत्यधिक कमजोरी की स्थिति में थे। इसके साथ ही अनस के नशा करने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस का अनुमान है कि दोनों की मौत रात के दौरान हुई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित