मुरादाबाद/अमरोहा, अगस्त 30 -- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन की खुशियों पर भारी पड़ी बदहाल सड़कें, फुटपाथ व पर्याप्त रोड़वेज बसों के अभाव में टू-व्हीलर बने मजबूरी और फुटपाथों पर कब्जे ने बढ़ाया हादसों का खतरा।
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर प्यार की राखी बांधकर घर लौटने वालों की भारी भीड़ से मुरादाबाद मंडल की सड़कें लगातार चार दिनों तक भीषण जाम से जूझती रहीं। दिल्ली-लखनऊ हाईवे-09, स्टेट हाईवे-51, नौगांवा सादात-बिजनौर, कैलसा-मुरादाबाद, मंडी धनौरा के कलाली रोड, कुंदरकी-बिलारी और संभल मार्ग सहित प्रमुख रास्तों पर दिनभर वाहनों का चक्का जाम जैसी स्थिति बनी रही। अत्यधिक वाहनों के दबाव के बीच सड़कों के गहरे गड्ढे, जर्जर पुल-पुलिया, तेज रफ्तार और फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण ने हादसों के खतरे को कई गुना बढ़ा दिया। 27 से 30 अगस्त के बीच अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर और संभल जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मंडल की बड़ी ग्रामीण आबादी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित और पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन की कमी है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों की संख्या जरूरत के अनुरूप न होने से त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में यात्रियों के सामने टू-व्हीलर यानी मोटरसाइकिल ही एकमात्र सुलभ साधन बचता है। रक्षाबंधन पर आवाजाही बढ़ने से सड़कों पर दोपहिया वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ गई। यही दोपहिया वाहन जब भारी वाहनों से बचने के लिए पटरी तलाशते हैं तो नगर क्षेत्रों में फुटपाथों पर दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों का अवैध कब्जा होने से उन्हें मजबूरन मुख्य सड़क पर ही चलना पड़ता है। गजरौला में हाईवे-09 और स्टेट हाईवे-51 के किनारे यह स्थिति और भी अधिक खतरनाक साबित हो रही है।
इन्हीं प्रशासनिक खामियों और बदहाल व्यवस्था के कारण कई दर्दनाक हादसे घटित हुए। छजलैट में रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे एक परिवार की बाइक मलकद्दा पुल की जर्जर लकड़ी टूटने से गागन नदी में जा गिरी। बिजनौर के नजीबाबाद में भाई को राखी बांधकर लौट रही अनामिका नैथानी की बाइक सड़क के गड्ढे में उछलने से मौत हो गई। हसनपुर में 18 वर्षीय दीपांशु की टेंपो की टक्कर से जान चली गई, जबकि संभल के चंदौसी में राजीव घायल अवस्था में मिला, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर गजरौला में फैक्ट्रीकर्मी सूरज सिंह, रजबपुर में विशाल सैनी और कपिल कुमार की सड़क हादसों में मौत हो गई। कुमराला में गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर से तिगरी निवासी गजेंद्र सिंह की जान चली गई। रविवार को बछरायूं के फतेहपुर शुमाली में मायके से लौट रही 55 वर्षीय सुरेश देवी की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
यद्यपि सरकार की निशुल्क बस सेवा से अमरोहा डिपो की 25 हजार से अधिक बहनों को राहत मिली, लेकिन सार्वजनिक परिवहन का अभाव, जर्जर सड़कें और फुटपाथों पर अतिक्रमण हादसों की मुख्य वजह बने हुए हैं। कुआं खेड़ा निवासी रामकुवंर चौधरी ने रविवार को बताया कि रक्षाबंधन बीतने के बाद भी सड़कों पर जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में त्यौहारों के मौके पर खुशियां सुरक्षित रखने के लिए फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाने, सड़कों की मरम्मत और रोडवेज बेड़े को पेशेवराना तरीके से चलाना और बढ़ाना बेहद जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित