मुरादाबाद/अमरोहा , सितम्बर 27 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल में बीते 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने मुरादाबाद और अमरोहा जिलों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण कहीं मकान गिरने से लोग घायल हुए, तो कहीं बिजली ठप होने से पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया। बारिश से हजारों हेक्टेयर फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गईं। मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों के लिए जारी भारी से बहुत भारी बारिश के 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 28 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। कुंदरकी ब्लॉक के चक हबीबपुर गांव में शनिवार देर रात मकान की छत और दीवार गिरने से मजदूर ओमवीर की तीन बेटियां घायल हो गईं, जिनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी तरह पाकबड़ा के वार्ड 15 में जर्जर मकान गिरने से महिला अनीसा बेगम गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मुरादाबाद शहर की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई। विकास नगर, रामलीला मैदान, ढक्का, जयंतीपुर, नेता कालोनी, कांठ रोड, दिल्ली हाईवे के पाकबड़ा हिस्से, पीरगैब, किसरोल और सम्राट अशोक नगर में सड़कें जलमग्न हो गईं और पानी लोगों के घरों तथा दुकानों में घुस गया। बारिश और तेज हवाओं के चलते 20 से अधिक मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल के ब्लड बैंक और बर्न वार्ड सहित कबूल नगर, मानसरोवर कालोनी, नया मुरादाबाद, कटघर और रामगंगा विहार में घंटों अंधेरा छाया रहा। बिजली न रहने से इनवर्टर और पानी की मोटरें बंद हो गईं, जिससे पेयजल का संकट गहरा गया। उधर अमरोहा जिला के मंडी धनौरा में बाढ़ खंड नाला, गजरौला चांदपुर स्टेट हाईवे-51 से कलाली रोड़ तथा जगह-जगह सड़क में खोदे गए गड्ढे ठीक से न भरे जाने के कारण थाना रोड पर एक कार हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची।

मुरादाबाद मंडल में खेती को भी भारी क्षति पहुंचने की सूचना है। मुरादाबाद में सदर और ठाकुरद्वारा तहसील के 33 गांवों में 326 किसानों की करीब 117 हेक्टेयर में खड़ी ज्वार, बाजरा, उड़द, मूंग, अरहर और धान की फसलें डूबकर नष्ट हो गईं, जिसके लिए प्रशासन द्वारा लगभग 19.80 लाख रुपये मुआवजे का आकलन किया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय के अनुसार 300 से अधिक किसानों का विवरण राहत पोर्टल पर दर्ज किया जा चुका है, हालांकि दोबारा जलभराव से सर्वे में बाधा आ रही है।

लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी मुरादाबाद अनुनय झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरु सतपाल अंतिल और नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बुद्धि विहार में संचालित समवेल, गांगन नदी में गिर रहे प्रमुख नाले और पीटीसी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण कर जल निकासी एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित