मुरादाबाद , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आयोजित 51वीं अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 के कड़े मुकाबलों में बरेली जोन की आठ टीमों के 92 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया, हालांकि इस प्रतियोगिता में जनपद बरेली की टीम ने प्रतिभाग नहीं किया।

मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के परिणाम बेहद कड़े और रोमांचक रहे, जिसमें मुरादाबाद, शाहजहांपुर, बदायूं, अमरोहा और बिजनौर के खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में जूडो पुरुष वर्ग के 66 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद के श्रवण मान ने शाहजहांपुर के आकाश राठी को मात दी, जबकि 81 किलोग्राम भार वर्ग में अमरोहा के विश्व प्रताप ने शाहजहांपुर के नितिन को पराजित किया।

महिला जूडो के 52 किलोग्राम भार वर्ग में शाहजहांपुर की सरस्वती ने मुरादाबाद की आशा को और शाहजहांपुर की ही प्रियंका शुक्ला ने बदायूं की निशा सिंह को शिकस्त देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। ताइक्वांडो स्पर्धा के अंतर्गत महिला 67 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की नेहा ने शाहजहांपुर की प्रियंका शुक्ला को हराकर जीत दर्ज की।

वहीं ताइक्वांडो पुरुष वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में बिजनौर के पोपीन ने संभल के नीरज को तथा 80 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद के दीपक ने रामपुर के नरेश को धूल चटाई। वुशू प्रतियोगिता के अंतर्गत महिला 60 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की चंचल ने मुरादाबाद की गौरव को और 75 किलोग्राम भार वर्ग में अमरोहा की संजो शर्मा ने बिजनौर की निर्मला को पराजित किया। वुशू पुरुष वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में बिजनौर के अशोक कुमार ने मुरादाबाद के शुभम को और 90 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद के मनोज कुमार ने रामपुर के भूपेन्द्र राठी को पटखनी देकर जीत अपने नाम की।

इस पूरी खेल प्रतियोगिता के दौरान सुहेल अहमद, संजय गिरी, आलोक कुमार, श्रीमती मानवी महरोत्रा, यश कुमार एवं रविन्द्र कसाना ने निर्णायक (रेफरी) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि उद्घोषक के रूप में करतार सिंह ने कमान संभाली। जूडो, वुशू, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलॉट विधाओं वाली इस भव्य खेल प्रतियोगिता का विधिवत समापन आगामी 18 जून को पुलिस लाइन परिसर में किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित