रांची , मार्च 31 -- झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने मुरहू, खूंटी की घटना पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
श्री साहू ने कहा कि राज्य सरकार तुष्टीकरण में आकंठ डूब चुकी है। समुदाय विशेष के वोट बैंक केलिए राज्य सरकार बार बार हिन्दू समाज को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के कोई पर्व त्योहार हो समुदाय विशेष के लोग सुनियोजित तरीके से जुलूस, शोभा यात्रा, मूर्ति, मंदिर पर निशाना साधते हैं। पर्व त्योहारों को बाधित करना,अनावश्यक अड़ंगा डालना, जुलूस पर पत्थरबाजी करना आम बात हो गई है। मुरहू खूंटी में रामनवमी जुलूस पर पथराव होना ऐसी ही मानसिकता का परिमाण है।
श्री साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने ऐसे असामाजिक और अपराधी प्रवृति के दंगाबाजों, पत्थरबाजों का मनोबल बढ़ा दिया है। पुलिस प्रशासन राज्य सरकार का टूल किट बन गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे पदाधिकारी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई से बाज आएं। बर्दी की इज्जत को गिरवी नहीं रखें अन्यथा भाजपा ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों को चिन्हित कर रही है।
श्री साहू ने कहा कि भाजपा के आंदोलन को हल्के में लेने की कोशिश भ्रष्ट पुलिस पदाधिकारी नहीं करें। आने वाले दिनों में भाजपा ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई कराएगी। इनके संपत्ति की जांच कराने और उन्हें जेल भेजने केलिए भी आंदोलन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित