चंडीगढ़, मार्च 13 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली शुक्रवार को मुरथल स्थित समर्थगुरु धाम में आयोजित आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया के सान्निध्य में ध्यान और साधना में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव साधकों को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और ध्यान की गहराई से जोड़ने का माध्यम बन रहा है।
श्री बड़ौली ने कहा कि मुरथल स्थित समर्थगुरु धाम में समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया के मार्गदर्शन में साधक ध्यान, साधना और आत्मिक उन्नति का दिव्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा की प्राप्ति का मार्ग प्रकृति प्रेम से होकर गुजरता है। वसंत ऋतु हमें यह संदेश देती है कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन को आनंदमय और आध्यात्मिक बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सनातन संस्कृति, धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं। देश में विभिन्न पंथों और संप्रदायों के प्रति लोगों की आस्था है और ऐसे कार्यक्रम आपसी मेल-जोल को बढ़ाने का काम करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संस्कृति 'सर्वे भवंतु सुखिनः' की भावना से प्रेरित है, जिसमें सबके सुख, कल्याण और भाईचारे पर जोर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा में सत्य तक पहुंचने वाले सभी मार्गों का सम्मान किया जाता है और मुरथल में आयोजित यह महोत्सव मानवता के कल्याण की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित