लखनऊ , अप्रैल 20 -- ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जॉश इंग्लिस के चार मई को मुंबई इंडियंस के साथ होने वाले मैच से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ने की उम्मीद है। अप्रैल के मध्य में उनके विवाह के चलते उन्होंने आईपीएल 2026 के पहले चरण में न खेलने का फैसला किया था। 18 अप्रैल को उनका विवाह हो गया है और भारत के लिए उड़ान भरने से पहले वह कुछ और सप्ताह बिताएंगे।

हालांकि एलएसजी के बल्लेबाजी लाइन अप में उनकी जगह कैसे बनेगी यह भी एक सवाल है क्योंकि इस समय मिचेल मार्श, एडन मारक्रम और निकोलस पूरन एलएसजी के बल्लेबाजी क्रम का हिस्सा हैं। अगर इंग्लिस को सीधे बल्लेबाज़ी क्रम में जगह मिलती है तो वह ग्रुप स्टेज के छह मुकाबलों के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए उपलब्ध होंगे।

उल्लेखनीय है कि पिछले सीजन पंजाब किंग्स के लिए इंग्लिस ने 162.57 के स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए थे और उन्हें दल से रिलीज कर दिया गया था। इसके बाद पिछले छह महीने में फ़ॉर्म ने उनका साथ नहीं दिया है, पिछले साल अगस्त से लेकर अब तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेली 20 पारियों में उन्होंने एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें नीलामी में 8.60 करोड़ में खरीदा था।

लखनऊ सुपर जायंट्स इस समय अंक तालिका में आठवें स्थान पर है, उन्हें छह मैचों में दो में जीत मिली है। उनका अगला मुक़ाबला घर पर 22 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के साथ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित