पटना , नवंबर 02 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से सक्षम लोगों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अब इस योजना को समाप्त करने के लिए माहौल बना रही है।
श्री अहमद ने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट हो गया है कि बिहार सरकार का खजाना खाली है और उसके पास शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर खर्च करने के लिए भी पर्याप्त राशि नहीं है।
राजद प्रवक्ता ने आज जारी बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सक्षम लोगों से इस योजना का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब मुफ्त बिजली योजना लागू की गई थी, तब लाभार्थी गरीब थे और अब सरकार उन्हें सक्षम मानने लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि योजना लागू होने के एक साल के भीतर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हो गई।
श्री अहमद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जब बिहार का खजाना खाली होने की बात कहते थे, तब सत्ता पक्ष के लोग इसका विरोध करते थे। लेकिन अब मुख्यमंत्री स्वयं शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए लोगों से मुफ्त बिजली योजना का लाभ छोड़ने की अपील कर रहे हैं। इससे सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित