टिहरी गढ़वाल 11दिसंबर (वार्ता) उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाला में थाना मुनिकीरेती पुलिस ने मात्र 36 घंटे में दयानंद आश्रम क्षेत्र में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए गुरुवार को तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटे गए 4,200 रुपये और बैंक पासबुक बरामद कर ली है।

पुलिस ने बताया कि नौ दिसंबर को वादी भीमषैण ने तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रुपये और पासबुक छीनने की सूचना दी थी, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने आसपास के लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लगातार पतारसी करते हुए पहले आरोपी सुरेश को दबोचा, जिसकी निशानदेही पर मारकण्डेय जायसवाल और रोहित साहनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मारकण्डेय जायसवाल थाना ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर एनडीपीएस, गैंगस्टर तथा अन्य धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपी नशे के आदी बताए गए हैं। आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित