हैदराबाद , अक्टूबर 22 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मुदिराज समुदाय को आश्वस्त किया है कि उनकी पिछड़ा वर्ग-ए श्रेणी में शामिल होने की मांग पर अगली कैबिनेट बैठक में चर्चा की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने रवींद्र भारती में पांडुगा सयान्ना मुदिराज की जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे का अध्ययन करने के लिए एक कैबिनेट उप-समिति का गठन करेगी। उन्होंने बताया कि पहले पर्याप्त डेटा न होने के कारण इस समुदाय को पिछड़ा वर्ग-डी से पिछड़ा वर्ग-ए श्रेणी में नहीं बदला जा सका था।
उन्होंने कहा कि अगर समुदाय अपनी जनसंख्या के आंकड़ों में विसंगतियों के सबूत पेश करते हैं, तो जाति जनगणना के रिकॉर्ड में सुधार किया जाऐगा। उन्होंने जनगणना को सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि सरकार में मुदिराज समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने मंत्री पोन्नम प्रभाकर को यह सुझाव भी दिया कि वे इस समुदाय के लिए विधान परिषद के टिकट के प्रस्ताव पर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ से चर्चा करें।
श्री रेड्डी ने निजाम के शासनकाल के दौरान सामंती जमींदारों के खिलाफ पांडुगा सयान्ना के संघर्ष को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे सयान्ना ने अनाज बांटकर और शादियों के लिए आर्थिक मदद देकर गरीब परिवारों की सहायता की थी। उन्होंने घोषणा की कि पांडुगा सयान्ना और डोडी कोमुराया के योगदान का सम्मान करने के लिए टैंक बंड पर उनकी प्रतिमाएं लगायी जायेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित