मथुरा , जुलाई 28 -- विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुवेंद्र कुमार भगत, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंगलवार को गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का संयुक्त रूप से पैदल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने बैरियर एवं बैरिकेडिंग, पार्किंग प्रबंधन, वॉच टावर, पुलिस बल की तैनाती, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों तथा भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, उप जिलाधिकारी (गोवर्धन) सुशील कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित