सहारनपुर , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना तीतरों पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के मामले में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 27/28 अगस्त की रात तीतरों-कच्ची गढ़ी-शामली मार्ग पर ग्राम फूसगढ़ की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान फूसगढ़ की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने मोटरसाइकिल मोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान इमरान पुत्र साकर, निवासी ग्राम धानवा, थाना तीतरों, सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक इमरान थाना तीतरों में दर्ज मुकदमा संख्या 87/2026 में वांछित था। उसके खिलाफ गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध गोकशी जैसे गंभीर अपराध के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित