कानपुर , अप्रैल 17 -- कानपुर के बर्रा क्षेत्र में मुठभेड़ में घायल शातिर लुटेरे ने अस्पताल से फरार होने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की सजगता से उसे दोबारा धर दबोचा गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि भागने का प्रयास करने वाला अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में है और वर्तमान में पुलिस कस्टडी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त एक शातिर लुटेरा है, जिसने मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना बर्रा में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को पूर्व में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उस समय आरोपी ने पुलिस टीम पर जवाबी फायरिंग भी की थी। गिरफ्तारी के बाद उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सुरक्षा में चार पुलिसकर्मी तैनात थे।

इसके बावजूद आरोपी ने अस्पताल से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और स्वॉट टीम तत्काल सक्रिय हो गई। शहर में व्यापक घेराबंदी और नाकाबंदी कर सभी प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित