भरतपुर, 07 (वार्ता) राजस्थान में डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ में 70 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अन्तरराज्यीय अपराधी एवं गौ-तस्कर घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि उसकी पहचान घटमिका निवासी सद्दाम खान के रूप में हुई है जो वर्ष 2017 से फरार था।
पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने बताया कि बदमाश को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 20 चक्र गोलियां चलाईं गईं।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ धीमरी और घाटमिका गांव के बीच गुरुवार रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने उसे घेरा तो उसने पुलिस दल पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोलियां चलाई। एक गोली बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद उसे दबोंच लिया गया।
श्री गोपीनाथ ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध गौ-तस्करी एवं पुलिस पर गोलीबारी, हत्या सहित करीब 23 जघन्य मामले दर्ज हैं, जिनमें दौसा मानपुर थाने पर होमगार्ड जवान को मारने एवं मालाखेडा (अलवर) में पुलिस पर गोलीबारी मामले भी शामिल है। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल नेतराम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन साहस का परिचय देते हुए कांस्टेबल ने बदमाश को दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित