मुजफ्फरपुर, मार्च 26 -- मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।

जिला जज के आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 11:30 बजे के आसपास एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में बम होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट में मौजूद सभी वकीलों, न्यायिक कर्मियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। इसके साथ ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट में चल रहे सभी न्यायिक कार्यों को दोपहर 2:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इस दौरान कोर्ट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित