पटना , अप्रैल 09 -- बिहार के कृषि-आधारित औद्योगिक क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ओसम डेयरी (एचआर फूड प्रोसेसिंग प्रा. लि.) मुजफ्फरपुर में 85.03 करोड़ के निवेश से एक आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित करेगी।

इस परियोजना से करीब 227 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। परियोजना को प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमिटी की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है तथा बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार(बियाडा ) की ओर से मोतीपुर क्लस्टर के डुमरिया औद्योगिक क्षेत्र में 7.14 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। प्रस्तावित इकाई में दूध, दही, पनीर, लस्सी, मक्खन, घी, फ्लेवर्ड मिल्क तथा दूध से बने मिठाई उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।

यह पहल डेयरी क्षेत्र में वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, राज्य सरकार कृषि-आधारित एवं फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो रोजगार सृजन के साथ-साथ किसानों से जुड़ी आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना डेयरी वैल्यू चेन को सुदृढ़ करने और बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित