मुजफ्फरपुर , अप्रैल 30 -- बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने महाराष्ट्र के एक युवक को 20 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बैरिया बस स्टैंड के पास पुलिस टीम संदिग्ध लोगों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान सागर कुमार नामक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20 लाख रुपये की रकम बरामद हुई। पूछताछ के दौरान युवक इस रकम के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही उसके पास कोई वैध दस्तावेज मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को सूचित किया। विभाग ने पूरे मामले की जांच की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त राशि को सरकारी खाते में जमा करा दिया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि जिले में अवैध धन के लेन-देन और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित