मुजफ्फरपुर, मई 13 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को दो चचेरी बहनों का शव बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर आज सुबह ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे से दो बच्चियों का शव बरामद किया गया हैं। मृत बच्चियों की उम्र 12 वर्ष और 07 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार गांव में शादी समारोह चल रहा था। सोमवार शाम दोनों बच्चियां घर के बाहर खेलते हुए शादी वाले घर में आ-जा रही थीं। देर रात तक जब दोनों वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना रामपुरहरी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह अचानक ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे में दोनों बच्चियों के शव पड़े होने की सूचना मिली।

सूत्रों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच में जुटी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पश्चिमी अलय वत्स ने बताया कि बच्चियों के लापता होने के बाद तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित