मुजफ्फरपुर , मार्च 28 -- मुजफ्फरपुर में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शनिवार को 'रोको-टोको' जांच अभियान चलाया,जिसमे 80 से अधिक वाहनों का चालन किया गया।

शहर के व्यस्त मोतीझील फ्लाईओवर पर चलाए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती बरती गई। इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग के सहायक जिला परिवहन अधिकारी , मोटर वाहन निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात रहे। टीम ने फ्लाईओवर से गुजरने वाले लगभग हर वाहन को रोककर कागजातों की बारीकी से जांच की।

इस जांच के दौरान बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की गहन पड़ताल की गई। इस सघन कार्रवाई में 80 से अधिक वाहनों का चालान काटा गया।

सहायक जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके कारण अब विभाग को सख्त कदम उठाने पड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे औचक अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

जिला परिवहन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल मोतीझील तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के सभी प्रमुख इलाकों में इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि हेलमेट का उपयोग करें, गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों को अपनी सुरक्षा से जोड़कर देखें, अन्यथा कार्रवाई तय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित