मुजफ्फरपुर , अप्रैल 04 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में शनिवार को ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) में हुयी लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहिलबारा मलंग चौक स्थित ग्रामीण बैंक के सीएसपी केंद्र पर आज दोपहर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर सीएसपी केन्द्र के कर्मचारी और ग्राहकों को कब्जे में ले लिया और 29 हजार 300 रूपये लूट लिये। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी के आदेश दिए। उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने लूट की घटना में शामिल तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी 29,300 की रकम, घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक और हथियार भी बरामद कर लिये हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित