मुजफ्फरपुर , अप्रैल 05 -- िहार के मुजफ्फरपुर जिले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने शनिवार की देर रात अहियापुर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्तव्य में लापरवाही और सरकारी प्रोटोकॉल के उल्लंघन के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि आयुक्त को थाना में शिकायतकर्ताओं के साथ अमर्यादित व्यवहार की शिकायतें मिली थीं। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अवर निरीक्षक जय प्रकाश और सिपाही (थाना मैनेजर) चंदन कुमार ड्यूटी पर बिना वर्दी के पाए गए। उनके पहनावे को भी अव्यवस्थित पाया गया, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठे।
ड्यूटी पर तैनात अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसाद ने बताया कि थानाध्यक्ष क्षेत्र भ्रमण पर हैं, जबकि दूरभाष पर हुई पुष्टि में उनके अवकाश पर होने की जानकारी मिली। उच्चाधिकारी को गलत सूचना देने को गंभीर कदाचार मानते हुए संबंधित अधिकारी को भी लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहने, आमजनों के साथ शिष्ट व्यवहार करने और प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित