मुजफ्फरपुर , अप्रैल 15 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एयरफोर्स के सेवानिवृत सार्जेंट से 18.15 लाख रूपये की ठगी की है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बीबीगंज आनंदपुरी निवासी ब्रजेश कुमार सिंह से शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 18.15 लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित ने बताया कि 18 मार्च को 'फनसोल सिक्योरिटीज प्रा. लि.' के नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया गया। ग्रुप एडमिन ने 'फिनसोलगो' ऐप डाउनलोड कराकर पहले 15 हजार रुपये और फिर तीन लाख रुपये निवेश करवाए। बाद में दबाव बनाकर अलग-अलग खातों में कुल 15 लाख रुपये और जमा करा लिए गए। ठगों ने ऐप में फर्जी शेयर दिखाकर लगातार और पैसे की मांग की।

विरोध करने पर उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया।

साइबर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हिमांशु कुमार ने बताया कि मामले की जांच इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को सौंपी गई है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित