मुजफ्फरपुर, अप्रैल 27 -- मुजफ्फरपुर जिले में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी चौक के पास सोमवार को एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव पोखर से बरामद हुआ है।

स्थानीय लोगों की सूचना पर वहां पहुंची ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है, साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है।

प्राप्त जनकारी के अनुसार मृतका अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी। परिजनों के अनुसार, वह पिछले तीन दिनों से लापता थी, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

इस मामले में मृतका के पिता ने इसे हत्या करार देते हुए एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी की दोस्ती एक युवक से थी, जो उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को पोखर में फेंक दिया।

पिता ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक युवक उनके घर आया था। परिजनों का दावा है कि बेटी के गायब होने के दिन ही उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी थी, लेकिन जवाब में उन्हें थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। घर में कोई नहीं होने के कारण वह तत्काल थाना नहीं जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित