मुजफ्फरनगर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि भौराकलां निवासी ज्योति (25) का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व तितावी थाना क्षेत्र के गांव सालाखेड़ी निवासी गौरव के साथ हुआ था। बताया जाता है कि अज्ञात कारणों के चलते ज्योति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस व मृतका के परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना पर मृतका के परिजन और रिश्तेदार सालाखेड़ी पहुंच गए, वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के मामले में मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए हंगामा करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस और गांव के जिम्मेदार लोगों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित