मुजफ्फरनगर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार दोपहर एक औद्योगिक गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र के प्रकाश चौक के समीप स्थित 'कुमार गैस' नामक दुकान में रखे औद्योगिक सिलेंडर में दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाका इतना तीव्र था कि आसपास की दो दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा और एक दुकान की दीवार पूरी तरह ढह गई, जबकि दूसरी में दरार आ गई। घटना में दुकान स्वामी नरेंद्र कुमार का पुत्र अनुज घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
धमाके की आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कुमार मिश्रा तथा थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक रूप से तेज गर्मी के कारण सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित