मुरादाबाद , जून 19 -- मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत मुजफ्फरनगर और मोदीनगर के बीच रेलवे ब्रिज संख्या 61 के स्टील गर्डर को पीएससी स्लैब से बदलने के लिए एक मेगा ब्लॉक लिया गया है। रेल प्रशासन के अनुसार, यह मेगा ब्लॉक शुक्रवार सुबह 11:10 बजे से शुरू होकर 20 जून को रात 02:35 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस कार्य के चलते इस रूट पर चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में बदलाव (डायवर्जन) किया गया है, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करनी होगी।
उन्होने बताया कि रेल पुल संख्या 61 के आधुनिकीकरण कार्य के कारण 19 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 18478 योग नगरी ऋषिकेश - पुरी एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव करते हुए इसे दोपहर 14:00 बजे पुनर्निर्धारित (रीशेड्यूल) किया गया है। इसके साथ ही इस ट्रेन को अपने नियमित मार्ग के बजाय मेरठ सिटी - खुर्जा - मथुरा जंक्शन - आगरा कैंट के रास्ते चलाया जाएगा और यह ट्रेन गाजियाबाद, हजरत निजामुद्दीन और फरीदाबाद स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसी क्रम में, ट्रेन संख्या 04429 शकूरबस्ती - सहारनपुर जंक्शन एक्सप्रेस को उसके निर्धारित मार्ग नई दिल्ली - गाजियाबाद - मेरठ सिटी के बजाय दिल्ली - दिल्ली शाहदरा - शामली के रास्ते डायवर्ट किया गया है। वहीं, वापसी दिशा में चलने वाली ट्रेन संख्या 04430 सहारनपुर जंक्शन - शकूरबस्ती एक्सप्रेस को भी मेरठ सिटी - गाजियाबाद - नई दिल्ली के स्थान पर शामली - दिल्ली शाहदरा - दिल्ली के रास्ते चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित