काशीपुर , जून 28 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को काशीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक और आधारभूत संरचना परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये।

श्री बर्द्धन ने एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, प्रस्तावित काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 133 एकड़ में विकसित ईएमसी पार्क में कुल 56 औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनमें से 22 का आवंटन हो चुका है। करीब 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। शेष कार्य के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि शासन से मांगी गई है। मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया।

इसके बाद मुख्य सचिव ने हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली। राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि काशीपुर-रामनगर फोरलेन परियोजना के तहत 18.26 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 494.45 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना का टेंडर हो चुका है, जबकि भूमि मुआवजा वितरण और वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सहित सिडकुल, एनएच और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित