पटना , सितंबर 24 -- ाज्य में कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा और सुशासन को और मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा सत्र में राज्य के सभी जिलाधिकारियों (डीएम), पुलिस अधीक्षकों (एसपी)की भागीदारी रही।
'अपराध मुक्त समाज' के मुख्य लक्ष्य के साथ, मुख्य सचिव ने राज्य के प्रशासनिक और पुलिस नेतृत्व को एक स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के 'इकबाल' से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कानून हाल में कायम रहना चाहिए और जमीन पर तुरंत बदलाव दिखने चाहिए।
श्री अमृत ने कहा कि अपराधियों में कानून का डर होना जरूरी है। शिथिल कार्यशैली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक बल के वास्तविक लीडर के रूप में कार्य करें और अपने-अपने जिलों की कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी लें। सघन गश्त और फील्ड विजिट बढ़ाने, अनुमंडल स्तर तक कड़ी निगरानी रखने को कहा।
बैठक में निर्देश दिया गया कि खराब प्रदर्शन करने वाले या गैर-गंभीर पुलिस अधिकारियों को उनके पदों से तुरंत हटाया जाए और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्य सचिव ने पुलिस इकाइयों को हमेशा गतिशील और अलर्ट रहने एवं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए रणनीतिक स्थानों पर तुरंत चेकपोस्ट लगाने कहा।उन्होंने हालिया घटनाओं में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि "जमुई पुलिस ने तत्परतापूर्वक कार्य कर एक उदाहरण पेश किया है", जिसका अनुसरण अन्य जिलों को भी करना चाहिए। उन्होंने रिपोर्टिंग और मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए मुख्यालय के पुलिस अधिकारियों को जिलों में जा कर फील्ड विजिट के साथ साथ वही पर रात्रि विश्राम करने का निर्देश दिया, जिससे जमीनी हकीकत पर पैनी नजर रखी जा सके।
त्योहारों के सीजन को देखते हुए सभी डीएम और एसपी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, स्थानीय इंटेलिजेंस नेटवर्क को मजबूत करने और सार्वजनिक सुरक्षा में कोई ढील न छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा फेक न्यूज को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उच्च स्तरीय बैठक के समापन पर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने दोहराया कि प्रत्येक जिले के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के कामकाज का मूल्यांकन उनकी त्वरित प्रतिक्रिया, जनता से मिलने वाले फीडबैक और धरातल पर दिखने वाली सुरक्षा के आधार पर लगातार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित