रायपुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर शासन की प्रमुख योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने सभी ऑनलाइन सेवाओं को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़ने तथा प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी 13 से 17 जुलाई तक प्रस्तावित छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा संबंधित अधिकारियों की विधानसभा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, मनरेगा और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने विभागों में रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी तैयार रखने तथा कर्मचारी चयन मंडल की कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में गृह एवं जेल, विधि एवं विधायी, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सुशासन एवं अभिसरण, सामान्य प्रशासन, सूचना प्रौद्योगिकी, परिवहन, उच्च शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, नगरीय प्रशासन, कौशल विकास, जल संसाधन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंजीयन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित