रायपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ में आगामी मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आज मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों, कार्यों की प्रगति और गुणात्मक सुधारों की समीक्षा की गई। इस दौरान एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों, उत्कृष्ट पहलों और गुणात्मक सुधारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने को कहा, ताकि राज्य की उपलब्धियों और सकारात्मक परिणामों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक की पहल की विशेष रूप से सराहना की गई। इस पहल के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है। इस पहल के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विकसित भारत के लिए विशिष्ट प्राथमिकताओं और उद्देश्यों, आर्थिक विकास एवं राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए नए विचारों एवं बेहतर कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित