जगदलपुर , जुलाई 18 -- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने शनिवार को बस्तर प्रवास के दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय, जगदलपुर का निरीक्षण कर न्यायालय परिसर में उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं और अधोसंरचना का जायजा लिया।

उन्होंने न्यायिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार न्यायमूर्ति सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान सिविल न्यायालय कक्ष, निर्माणाधीन भवनों, किलकारी केंद्र, परिवार न्यायालय, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग कक्ष, प्रतिलिपि अनुभाग, फास्ट ट्रैक कोर्ट, ई-सेवा केंद्र, दिव्यांगजनों के लिए शिकायत कक्ष, विशेष न्यायालय कक्ष, पीड़ित विश्राम कक्ष तथा ग्रंथालय भवन सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।

उन्होंने न्यायालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को अधिक सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गोविंद नारायण जांगड़े, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित