चंडीगढ़ , सितंबर 07 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा की नियुक्ति का विरोध करने पर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की है।

राजा वडिंग ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि किसी राज्य सरकार द्वारा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति पर आपत्ति जताना 'अभूतपूर्व' है। उन्होंने कहा कि आप सरकार के इस रुख से न्यायपालिका की स्वतंत्रता को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का यह कदम न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वतंत्र स्तंभ है और राजनीतिक कार्यपालिका को इसके कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।

राजा वडिंग ने कहा कि राज्य सरकार को न्यायिक व्यवस्था में दखल देने के बजाय संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने सवाल किया, '' क्या आप सरकार अपनी पसंद की न्यायपालिका चाहती है? ''उन्होंने राजनीतिक कार्यपालिका को न्यायपालिका के मामलों में हस्तक्षेप से बचने की चेतावनी भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित