रांची , जून 20 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए सभी विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं एईआरओ को ऑनलाइन माध्यम से पीपीटी के द्वारा प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण के विभिन्न चरणों में किए जाने वाले कार्यों का बिंदुवार जानकारी देते हुए पदाधिकारियों के प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया।
प्रशिक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुमार ने आज कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में ईआरओ एवं एईआरओ की भूमिका अहम है। बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर द्वारा एसआईआर के क्रम में किए जा रहे कार्यों को सत्यापित करने की पूरी जवाबदेही ईआरओ एवं एईआरओ की होती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में ईआरओ एवं एईआरओ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप ही कार्य सुनिश्चित करेंगें।
श्री कुमार ने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाने है साथ ही आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करने है इस के लिए सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर की ट्रेनिंग ससमय पूरी कर लें। बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर की ट्रेनिंग केवल ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा ही दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक भी ससमय कराएं एवं इससे सम्बंधित फोटोज को भी बीएलओ ऐप पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ एवं एईआरओ उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित