खूंटी , जून 30 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ के साथ साथ सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए 2 की भी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।
श्री कुमार ने कहा कि राज्य में आज सभी मतदान केंद्रों पर इन्यूमरेशन फेज के आरंभ के अवसर पर बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक का आयोजित की गई है। अब बीएलओ आज से 29 जुलाई तक घर घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म बांटने एवं मतदाताओं द्वारा भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म वापस जमा करने का कार्य करेंगी। श्री कुमार मंगलवार को खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक का निरीक्षण कर रहे थे।
श्री कुमार ने इस क्रम में तोरपा प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 84, 87,89 एवं 97 पर आयोजित बीएलओ एवं बीएलए 2 की बैठक में भाग लिया। उन्होंने बीएलओ द्वारा मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने एवं पुनः संग्रहण करने के उनके कार्ययोजन को जाना साथ ही बीएलए 2 को भी बीएलओ के सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सहभागी बनने में बीएलए 2 अपने बीएलओ का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने, विगत विशेष गहन पुनरीक्षण वाले मतदाता सूची में उनका अथवा उनके माता-पिता का नाम ढूंढने में मदद करें। उन्होंने कहा कि एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ डुप्लिकेट श्रेणी के मतदाताओं की सूची बनाते समय सभी बीएलओ को अपने क्षेत्र के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा चिन्हित बीएलए 2 के साथ बैठक करना आवश्यक है साथ ही फाइनल एएसडीडी सूची में उनके बीएलए2 से सत्यापित कराना अनिवार्य है।
इस अवसर पर खूंटी जिला के जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो.जावेद हुसैन, तोरपा प्रखंड के ईआरओ एवं एईआरओ, खूंटी जिले के उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित जिले निर्वाचन सम्बन्धी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित