चंडीगढ़ , जून 05 -- निर्वाचन आयोग के वर्ष 2026 के लिए चलाये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के चुनाव अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण सत्र निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान उपयोग में लायी जा रही सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) प्रणालियों और सॉफ्टवेयर अनुप्रयोगों से पूरी तरह परिचित कराना था। इस पहल का मकसद प्रक्रियागत एकरूपता सुनिश्चित करना, आईटी तैयारियों को मजबूत बनाना तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुचारु और प्रभावी ढंग से लागू करना है।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य अंतिम मतदाता सूचियों को पूरी तरह सटीक, समावेशी और अद्यतन बनाये रखना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षित मानव संसाधन और मजबूत तकनीक का प्रभावी उपयोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाये रखने की बुनियाद हैं।
तकनीकी सत्रों का संचालन भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों और आईटी विशेषज्ञों ने किया। आयोग की ओर से प्रमुख प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों में डॉ सीमा खन्ना सहित तकनीकी प्रशासकों की एक विशेष टीम शामिल रही।
सत्र के समापन पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोहराया कि पंजाब का चुनावी तंत्र निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पेशेवर क्षमता, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ सफलतापूर्वक लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित