भोपाल , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, भिण्ड, रतलाम और पांढुर्णा सहित कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा बैरिकेडिंग हटाने की घटनाएं सामने आईं।
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका और बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान धक्का-मुक्की हुई। ग्वालियर में प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
उज्जैन में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और बैरिकेडिंग हटाकर मुख्य गेट तक पहुंचे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया। जबलपुर में टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट की ओर निकली रैली को घंटाघर पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका। बैरिकेड्स पर चढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
भिण्ड में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। रतलाम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, जबकि पांढुर्णा में कार्यकर्ताओं ने पुतले को जंजीर से बांधकर करीब 500 फीट तक घसीटा और बाद में आग लगा दी। देवास में कार्यकर्ताओं ने पुतले की अर्थी निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पुरानी कलेक्ट्रेट की दीवार पर चस्पा किया। कटनी में युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले फूंके। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बनी।
श्योपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की। अनूपपुर में भी कथित मतदाता सूची अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला गया। मैहर और मंदसौर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर से संबंधित मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस कार्यसमिति ने 29 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तथा कई राज्यों में एसआईआर रोकने की मांग की थी।
वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज और एसआईआर को चुनौती देने वाली एक याचिका पर उच्चतम न्यायालय ने सुनवाई के लिए सहमति जताई है। याचिका में चुनाव आयोग के सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया और एसआईआर की वैधता से जुड़े सवाल उठाए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित