नयी दिल्ली , अक्टूबर 13 -- जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों की मंगलवार को तीखी आलोचना करते हुए उसे राजनीतिक 'नौटंकी' और 'अराजकता फैलाने का प्रयास' बताया ।

श्री ललन प्रसाद ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय पर अपने सहयोगी मंत्री पीयूष गोयल के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'पिछले कई दिनों से इस देश में जिस तरह से नौटंकी और ड्रामा कर अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी।"उन्होंने कहा , " राहुल गांधी, अपनी दादी के पदचिन्हों पर चल रहे हैं और वे कांग्रेस पार्टी को 1974-75 के दौर में ले जाना चाहते हैं, जब सभी के मौलिक अधिकार समाप्त कर दिए गए थे। लाखों लोग जेल में थे, मैं भी जेल में था।"उन्होंने कहा कि जिस तरह उनकी दादी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरे देश में आपातकाल लगा दिया, उसी तरह श्री गांधी आज सत्ता पाने के लिए अराजकता की स्थिति पैदा करना चाह रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेता एसआईआर में लोगों के नाम छांट-छांट कर काटे जाने का आरोप लगाते हुए इसे वोट चोरी बता रहे हैं। इन दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की हैं जबकि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में नियुक्तियों और आयुक्तों के हटाने की एक विशेष संवैधानिक व्यवस्था है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित