भोपाल , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों में प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकाला और नारेबाजी की। इंदौर, इटारसी और सागर समेत अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदर्शन के दौरान श्री कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि जब तक उनका इस्तीफा नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। श्री पटवारी ने कहा कि यह राजनीतिक नहीं, बल्कि अधिकार और वोट बचाने की लड़ाई है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनता के अधिकार छीन लिए गए हैं और उन्हें वापस दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरी है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है और दावा किया कि 13 करोड़ लोगों के वोट चोरी हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की लड़ाई है।
भोपाल में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे, जिससे बोर्ड ऑफिस चौराहे पर यातायात प्रभावित हुआ। कुछ कार्यकर्ता आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर भी चढ़कर नारेबाजी करते देखे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर ब्लैक स्प्रे करने का प्रयास कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हुई।
इटारसी रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दिल्ली में राहुल गांधी के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 18 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतार लिया। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित