रांची , मई 18 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज रांची स्थित होटल बी.एन.आर. चाणक्य में "द गार्जियन क्रॉनिकल" के भव्य लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर उन्होंने समाचार-पत्र का लोकार्पण किया तथा संस्थान से जुड़े सभी सदस्यों, संपादकीय टीम एवं प्रबंधन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि अखबार समाज में जागरूकता फैलाने, संवाद स्थापित करने तथा सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि यह जन-जन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करती है।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने "द गार्जियन क्रॉनिकल" के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह समाचार-पत्र पत्रकारिता जगत में नई ऊर्जा और दृष्टिकोण के साथ अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अखबार निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विश्वास कायम करेगा।

श्री सोरेन ने आगे कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। ऐसे में आवश्यक है कि पत्रकारिता मूल्यों, नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा के साथ कार्य किया जाए, ताकि समाज को सही दिशा मिल सके। "द गार्जियन क्रॉनिकल" इस दिशा में एक सकारात्मक पहल सिद्ध होगा।

समारोह में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, "श्री सोरेन ने" के मुख्य संपादक अम्बरीश श्रीवास्तव, स्थानीय संपादक सोनाली दास, इग्नू के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रविंद्र कुमार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित