रांची , अप्रैल 14 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पुलिस महानिदेशक गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा एम. एस. भाटिया ने भेंट की तथा 'अग्निशमन सेवा सप्ताह' के अवसर पर उन्हें बैज लगाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि 'अग्निशमन सेवा सप्ताह' के तहत राज्य में अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाना एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने ने कहा कि अग्निशमन सेवा के जवान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। आपदा के समय अग्निशमन सेवा कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
श्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अग्निशमन सेवा से जुड़े संसाधनों को निरंतर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित