रांची , जून 01 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने आज रांची में शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हस्तांतरित कर सर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध किए जाने के कारण उत्पन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को एक बार पुनः अवगत कराया।
श्रीमती देवी ने कहा कि पूर्व में भी पत्राचार एवं मुलाकात के माध्यम से इस विषय को राज्य सरकार के समक्ष रखा जा चुका है तथा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार सकारात्मक पहल करेगी।
मुलाकात के दौरान राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित