रांची, 26सितम्बर (वार्ता) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज आर०आर० स्पोर्टिंग क्लब, रातु रोड एवं पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति हरमू, रांची स्थित दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत् अनावरण किया।

इस अवसर पर श्री सोरेन ने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की।

मौके पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। रिमझिम बारिश के बीच सभी मातारानी के भक्तजन काफी उमंग और उत्साह के साथ दशहरे का यह पावन त्यौहार मना रहे हैं। मैं अपनी ओर से समस्त झारखंड वासियों एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दुर्गोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। सभी के जीवन में मां दुर्गा की कृपा सदैव बनी रहे। झारखंड प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित